पंचायत स्तर पर विधिक सहायता क्लीनिक की स्थापना को लेकर बैठक आयोजित
शिवहर - बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष,जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के मार्गदर्शन में पंचायत स्तर पर आमजनों को सुलभ एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के सचिव एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी, शिवहर के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पंचायत स्तर पर विधिक सहायता क्लीनिक की स्थापना के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक पंचायत में विधिक सहायता क्लीनिक के संचालन हेतु उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा नामित पारा विधिक स्वयंसेवक (PLV) वहां बैठकर आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक परामर्श, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा विभिन्न विधिक अधिकारों के संबंध में सहायता प्रदान कर सकें।
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि पंचायत स्तर पर विधिक सहायता क्लीनिक के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को न्याय तक सरल एवं त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी तथा उन्हें छोटी-छोटी कानूनी समस्याओं के समाधान हेतु जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही,विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा सकेगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा पंचायत स्तर पर विधिक सहायता क्लीनिकों की स्थापना एवं सुचारु संचालन हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला पंचायती राज कार्यालय के बीच समन्वय स्थापित कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने पर सहमति व्यक्त की गई।
रिपोर्टर - संजय गुप्ता
No Previous Comments found.