शाजापुर न्यूज पुलिस प्राइड ऑफ द वीक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
शाजापुर - जिले में अपराधों की पतारसी, चोरी गई संपत्ति की बरामदगी, अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई और प्रकरणों में उत्कृष्ट विवेचना के लिए शाजापुर पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारियों को “POLICE PRIDE OF THE WEEK” से सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें कर्तव्य के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान दिया जाता है। 7 से 13 सितंबर 2026 के बीच उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
चोरी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और माल बरामदगी में भूमिका
थाना कोतवाली शाजापुर के अपराध क्रमांक 541/26 में अज्ञात आरोपियों द्वारा घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी विशाल मंडोवर एवं रोहित उर्फ कल्ला जाटव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने चोरी गया एक जोड़ सोने की कान की झुमकी, कमर का कंदोरा, ₹90 हजार नगद और गैस टंकी बरामद की। इस कार्रवाई में आरक्षक 77 रामप्रसाद एवं आरक्षक 301 शिशुपाल गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार कर राशि बरामद
थाना अवन्तिपुर बड़ोदिया से संबंधित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी महेंद्र पिता शोभामणि तिवारी, निवासी उतरान, जिला अनूपपुर की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी से ₹50 हजार जब्त किए गए तथा फरियादी को कुल ₹88,010 की राशि प्राप्त कराई गई। इस कार्रवाई में सउनि उवेद खान एवं आरक्षक 383 जितेन्द्र पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
60 पेटी अवैध शराब और इनोवा कार जब्त
थाना शुजालपुर मंडी पुलिस द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 60 पेटी शराब, कुल 540 लीटर, जिसकी कीमत करीब ₹2.25 लाख तथा इनोवा कार क्रमांक MP09TA9885, जिसकी कीमत करीब ₹25 लाख है, जब्त की गई। कुल मशरूका करीब ₹27.25 लाख का है। आरोपी द्वारा वाहन लेकर भागने का प्रयास करने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन और शराब को पकड़कर थाना तलेन, जिला राजगढ़ के सुपुर्द किया। कार्रवाई में प्रआर 223 बलराम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा दिलाने में अहम भूमिका
थाना कोतवाली शाजापुर के अपराध क्रमांक 154/2025 में उत्कृष्ट विवेचना एवं प्रभावी पैरवी के चलते आरोपी गोविन्द बोडाना को माननीय न्यायालय ने 20 वर्ष के कठोर कारावास से दंडित किया। मामले में उत्कृष्ट विवेचना और प्रभावी कार्रवाई के लिए उनि जया सुनेरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने सभी सम्मानित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी तरह कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। शाजापुर पुलिस का संदेश है— सुरक्षा, सेवा और विश्वास।
रिपोर्टर - रमेश राजपूत
No Previous Comments found.