महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया हिंदी दिवस
शाजापुर - जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर, जिला शाजापुर में हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, रुचि एवं गौरव की भावना जागृत करना तथा हिंदी के महत्व को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार शर्मा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता की महत्वपूर्ण कड़ी है। विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग के साथ-साथ साहित्य के अध्ययन के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हिंदी का व्यापक स्तर पर प्रयोग हो रहा है और डिजिटल माध्यमों के विस्तार से हिंदी के प्रचार-प्रसार की संभावनाएं और अधिक बढ़ी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन, अध्ययन एवं रचनात्मक गतिविधियों में हिंदी के प्रयोग को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि डॉ. बी.के. त्यागी, प्राध्यापक इतिहास ने अपने संबोधन में हिंदी भाषा के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाषा किसी भी समाज की पहचान और उसकी सांस्कृतिक चेतना का आधार होती है। हिंदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों एवं समुदायों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डॉ. आनंद कुमार अजनोदिया, सहायक प्राध्यापक हिंदी ने भी हिंदी दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा, हिंदी के विकास तथा विद्यार्थियों के जीवन में भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी साहित्य की विभिन्न विधाओं से जुड़ने और हिंदी भाषा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डॉ. रवि राठौर, सहायक प्राध्यापक भौतिकी, डॉ. दीपक कुमार कौशल, अतिथि विद्वान गणित सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।
अंत में हिंदी भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार का संदेश देते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। हिंदी दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी रहा तथा सभी ने हिंदी भाषा के सम्मान और अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकेश सिंह मेवाड़ा, सहायक प्राध्यापक द्वारा किया गया एवं आभार दीपक सिंह कौशल ने व्यक्त किया इस अवसर पर समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - रमेश राजपूत
No Previous Comments found.