पत्रकारिता के लिए पत्रकार सुनील वर्मा मुंबई में दूसरी बार सम्मानित
शाजापुर - जिले के अकोदिया नगर की पत्रकारिता का इतिहास एक बार फिर मायानगरी मुंबई में गौरवान्वित हुआ। नगर के वरिष्ठ पत्रकार, मिलनसार एवं हंसमुख व्यक्तित्व के धनी और जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने वाले सुनील वर्मा को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए मुंबई महानगर में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में दूसरी बार सम्मानित किया गया। उनके सम्मानित होने की खबर से अकोदिया नगर में खुशी की लहर दौड़ गई और नगरवासियों, पत्रकारों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुंबई के बोरीवली वेस्ट स्थित अटल स्मृति उद्यान सभागृह में प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में पत्रकार सुनील वर्मा को उत्कृष्ट पत्रकारिता सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें मोमेंटो एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुंबई महानगर के जनप्रतिनिधि, फिल्मी कलाकार, समाजसेवी, वरिष्ठ पत्रकार तथा देश के 21 राज्यों से पहुंचे पत्रकार साथी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सैयद खालिद कैस एडवोकेट एवं राष्ट्रीय संगठन महासचिव शशीदीप दीदी के नेतृत्व में किया गया। समारोह में पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया।
41 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय
पत्रकार सुनील वर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में 41 वर्षों का अनुभव प्राप्त है। वे लंबे समय से विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों एवं पत्र-पत्रिकाओं में लेखन, संवाददाता, प्रतिनिधि एवं ब्यूरो चीफ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे दैनिक अवंतिका समाचार पत्र से पिछले 21 वर्षों से प्रतिनिधि, संवाददाता, वितरक एवं ब्यूरो चीफ के रूप में जुड़े हुए हैं।
सुनील वर्मा ने पत्रकारिता के क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों से प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है। उन्हें माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल, गणेश शंकर विद्यार्थी प्रशिक्षण शोध संस्थान, जहांगीराबाद, भोपाल तथा देवी अहिल्याबाई विश्वविद्यालय इंदौर एवं भारतीय कॉलेज इंस्टीट्यूट, माधव नगर उज्जैन से पत्रकारिता संबंधी प्रशिक्षण एवं डिप्लोमा प्राप्त होने की जानकारी दी गई है।
रिपोर्टर - रमेश राजपूत

No Previous Comments found.