विमल इलायची का एड पड़ा भारी! शाहरुख, अजय देवगन और टाइगर को FDA का नोटिस
बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची का विज्ञापन करना भारी पड़ सकता है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तीनों अभिनेताओं को कारण बताओ नोटिस भेजा है। FDA का आरोप है कि विमल इलायची का विज्ञापन राज्य में प्रतिबंधित विमल पान मसाला और तंबाकू उत्पादों का सरोगेट विज्ञापन हो सकता है।
FDA ने नोटिस के जरिए तीनों कलाकारों से सबूत मांगे हैं कि विमल इलायची वास्तव में अलग उत्पाद है और बाजार में इसकी स्वतंत्र बिक्री होती है, या फिर इसे प्रतिबंधित पान मसाला और तंबाकू उत्पादों के प्रचार के लिए ब्रांड एक्सटेंशन के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसके अलावा एक्टर्स से उन टीवी चैनलों, डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जानकारी मांगी गई है, जहां यह विज्ञापन प्रसारित या प्रकाशित हुआ। उनसे विज्ञापन के प्रसारण की अवधि, ब्रांड मालिक के साथ हुए कमर्शियल या लीगल एग्रीमेंट, एंडोर्समेंट कॉन्ट्रैक्ट, कैंपेन की जानकारी और फीस से जुड़े दस्तावेज भी मांगे गए हैं।
तीनों अभिनेताओं को नोटिस मिलने की तारीख से 15 दिनों के भीतर लिखित जवाब और जरूरी दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके पास खुद या अपने कानूनी प्रतिनिधि के जरिए व्यक्तिगत सुनवाई की मांग करने का विकल्प भी है।
मामले में FDA ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 की धारा 24 का हवाला दिया है, जो भ्रामक विज्ञापनों से संबंधित है। वहीं धारा 53 के तहत भ्रामक विज्ञापन के लिए 10 लाख रुपये तक की पेनल्टी का प्रावधान बताया गया है।
FDA ने यह भी निर्देश दिया है कि तीनों कलाकार किसी भी प्लेटफॉर्म पर इस विज्ञापन के टेलीकास्ट, पब्लिश या प्रमोशन में आगे सहयोग न करें। विभाग ने यह भी पूछा है कि विज्ञापन से जुड़ने से पहले कलाकारों या उनकी टीमों ने उत्पाद और विज्ञापन के दावों की क्या जांच की थी।
FDA के मुताबिक, ‘विमल’ ब्रांड की पहचान पान मसाला उत्पादों से जुड़ी है और महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला के उत्पादन, भंडारण, सप्लाई और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
No Previous Comments found.