बहू ने सास, ननद समेत 5 पर लगाया मारपीट का आरोप, थाने में दी तहरीर
शाहजहांपुर / मदनापुर : थाना मदनापुर क्षेत्र के ग्राम बरुआ पट्टी सनायक निवासी किरण पत्नी सुनील ने सास, ननद समेत परिवार के 5 लोगों पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
पीड़िता किरण ने आज दिनांक 21.10.26 को थाना मदनापुर में दी तहरीर में बताया कि आज सुबह करीब 8 बजे वह अपने बच्चों को चाय पिला रही थी, तभी किसी बात को लेकर उसकी ननद राखी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ननद राखी की मां प्रेमा पत्नी वेदराम, चचिया सास सीमा पत्नी दृगपाल, जेठ दीपक पुत्र वेदराम और जेठानी लक्ष्मी पत्नी दीपक ने एकराय होकर उसके साथ मारपीट की और घर से निकल जाने को कहा।
किरण ने बताया कि उसका पति सुनील कुछ समय पहले छत से गिर गया था, जिससे उसकी कमर में गंभीर चोट आ गई थी। वह उठने-बैठने और चलने-फिरने में असमर्थ है और चारपाई पर ही लेटा रहता है। इसी बात को लेकर परिवार वाले ताना मारते हैं कि सुनील कुछ काम नहीं करता।
पीड़िता के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। आरोप है कि परिवार वालों का कहना है कि हम तुम्हारा और तुम्हारे बच्चों का खर्चा नहीं उठा सकते, इसलिए मारपीट कर घर से निकाल रहे हैं।
रोती-बिलखती पीड़िता थाना मदनापुर पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाकर न्याय की गुहार लगाई। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्टर : महेश द्विवेदी

No Previous Comments found.