पुलिस की लापरवाही से क्षुब्ध मां ने एसपी से लगाई गुहार, 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के अपहरण का आरोप

बंडा : थाना बंडा क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। बंडा पुलिस द्वारा समय पर उचित कार्रवाई न किए जाने से परेशान होकर पीड़िता की मां ने अब पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोपियों पर स्थानीय पुलिस की मिलीभगत के चलते कार्रवाई को रुकवाने का  आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है ।

थाना बंडा क्षेत्र के ग्राम विपरा जप्ती की रहने वाली मिथिलेश कुमारी पत्नी अनिल शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीते 11 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री आरुषी का अपहरण कर लिया गया।
आरोप है कि ग्राम भायपुर थाना सिंधौली निवासी शिवम पुत्र रामनिवास, विपिन कुमार पुत्र लल्ला सिंह और उनका बहनोई सुनील पुत्र शिशुपाल, निवासी अज्ञात एक गाड़ी लेकर मिथिलेश के दरवाजे पर आए और उसकी नाबालिग बेटी को जबरन उठाकर ले गए।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद वह लगातार अपनी बेटी को तलाशती रही। सुराग मिलने पर उसने स्थानीय थाना बंडा में 12 मई, 16 मई और 19 मई को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि शुरुआत में थाना बंडा पुलिस ने पहले तो कार्यवाही करने की बात कही लेकिन बाद में कथित तौर पर आरोपियों ने अपने धनबल का इस्तेमाल कर पुलिसिया कार्रवाई को ठंडे बस्ते में डलवा दिया। आरोप है कि जब बंडा पुलिस ने उसकी एक न सुनी तो वह हताश होकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि उक्त सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसकी नाबालिग पुत्री को सकुशल बरामद कर उसे सुपुर्द किया जाए।
वहीं इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज हो गई है, जांच कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

रिपोर्टर : रवि

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.