मदनापुर विद्युत उपकेंद्र का लोड बढ़ाने का प्रस्ताव स्वीकृत, किसानों को खाद उपलब्ध कराने के प्रयास तेज : विधायक अरविंद सिंह
शाहजहांपुर : मदनापुर बिकास खण्ड की ग्राम पंचायत बरुआ पट्टी सनायक के पंचायत भवन में बुधवार को भाजपा की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि ददरौल विधायक अरविंद सिंह रहे, जबकि वरिष्ठ अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता एवं ब्लॉक प्रमुख महेश पाल सिंह उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजमोहन सिंह राठौर ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, क्षेत्रीय विकास, बिजली व्यवस्था, किसानों की समस्याओं तथा आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्राथमिकता के साथ उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मदनापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों में लंबे समय से ओवरलोडिंग के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। किसानों को सिंचाई और ग्रामीणों को घरेलू बिजली के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस समस्या को देखते हुए उन्होंने शासन एवं विद्युत विभाग को मदनापुर विद्युत उपकेंद्र का लोड बढ़ाने तथा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। इसके क्रियान्वयन के बाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बेहतर होगी और किसानों के साथ आम उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी।विधायक ने बताया कि क्षेत्र के विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। ढिपिया से अमरोली तक सड़क के डामरीकरण का प्रस्ताव भी स्वीकृत हो चुका है। इसके अलावा अन्य आवश्यक विकास कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के किसी भी गांव में विकास कार्यों की कमी नहीं रहने दी जाएगी और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।बैठक में किसानों के सामने डीएपी एवं यूरिया की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। विधायक ने बताया कि खाद संकट को लेकर प्रशासन को पत्र भेजा गया है और विभागीय अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। कई सहकारी समितियों पर खाद की आपूर्ति शुरू हो चुकी है तथा शेष समितियों पर भी शीघ्र पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि समय पर खाद उपलब्ध कराने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ अतिथि एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रीमती शिल्पी गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख महेश पाल सिंह ने भी क्षेत्र के विकास में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला तथा कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने बरुआ पट्टी सनायक के नवनिर्मित पंचायत भवन की भव्यता और उत्कृष्ट निर्माण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन का स्वरूप आधुनिक एवं सुविधायुक्त है, जो ग्रामीण क्षेत्र के लिए एक आदर्श सार्वजनिक भवन का उदाहरण प्रस्तुत करता है।
बैठक में महानगर उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंकज, अवनीश कुमार, निवर्तमान मंडल अध्यक्ष विजय चौहान, मंडल महामंत्री सचिन प्रताप सिंह, सरोज शुक्ला, राजवीर कनौजिया, दीपक गुप्ता, कृष्णपाल, पवन पाल, ललित कुमार, अनूप सिंह, अर्जुन सिंह, अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : महेश द्विवेदी
No Previous Comments found.