7 मिनट एक अलर्ट और बच गई एक ज़िंदगी! बण्डा पुलिस की फुर्ती ने जीत लिया सबका दिल
शाहजहांपुर : बण्डा थाना क्षेत्र में एक 20 वर्षीय छात्र ने मानसिक तनाव के चलते इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा वीडियो पोस्ट कर दिया। वीडियो अपलोड होते ही Meta की ओर से सुसाइडल अलर्ट उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय को मिला, जिसके बाद सूचना तत्काल शाहजहांपुर पुलिस को भेजी गई।
थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में बण्डा पुलिस ने बिना देर किए कार्रवाई शुरू की। उपनिरीक्षक अमरकांत सिंह, आरक्षी विशाल और आरक्षी दीपू शर्मा मात्र 7 मिनट में छात्र के घर पहुंच गए। मौके पर कीटनाशक की खाली बोतल मिली और छात्र की हालत गंभीर थी।
पुलिस टीम ने तत्काल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। इसके बाद छात्र और उसके परिजनों की काउंसलिंग भी कराई गई, जिससे उन्हें मानसिक संबल मिल सका।
कानून व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए थाना प्रभारी बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में बण्डा पुलिस ने यह साबित कर दिया कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर किसी की ज़िंदगी बचाने की सबसे बड़ी उम्मीद भी बन सकती है।
छात्र के परिजनों ने बण्डा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली की खुलकर सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : रवि
No Previous Comments found.