बंदरों के हमले से किसान की मौत, छत से गिरकर गई जान

शाहजहांपुर : मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव ढुकुरी खुर्द में स्वतंत्रता दिवस की सुबह बंदरों के आतंक ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। 55 वर्षीय किसान कृष्णपाल सिंह पुत्र विजराम सिंह बंदरों को भगाने के लिए अपनी छत पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक बंदर ने उन पर हमला कर दिया। देखते ही देखते कई बंदर हमलावर हो गए। हमले से बचने के दौरान कृष्णपाल सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे आंगन में जा गिरे।

कृष्णपाल सिंह की बहू प्रियंका पत्नी पुष्पेंद्र सिंह उस समय बच्चों के लिए नाश्ता तैयार कर रही थीं। घर में उनके नाती अर्नव, जो केजी में पढ़ता है, और नातिन अमायरा, जो एनसी कक्षा में पढ़ती है, मौजूद थे। इसी दौरान बंदरों का झुंड घर की छत पर पहुंच गया।

बंदरों को भगाने के लिए कृष्णपाल सिंह गुलेल लेकर छत पर चढ़े। उन्होंने बंदरों को भगाने का प्रयास किया, तभी एक बंदर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इसके बाद कई बंदर उनके पीछे पड़ गए। हमले के दौरान उनके हाथ से गुलेल छूट गई और वह संतुलन खोकर छत से नीचे आंगन में जा गिरे।

कृष्णपाल सिंह मुंह के बल नीचे गिरे और बेहोश हो गए। बहू प्रियंका ने उन्हें देखा तो तत्काल दौड़कर पहुंचीं और उन्हें सीधा कर लिटाया। परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से उन्हें शाहजहांपुर इलाज के लिए लेकर गए। निजी अस्पताल में हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी गई।

परिजन कृष्णपाल सिंह को मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक की पत्नी मान देवी हैं। उनके बड़े बेटे का नाम पुष्पेंद्र सिंह और छोटे बेटे का नाम अमित सिंह है। अमित सिंह की शादी मई 2026 में हुई थी। उनकी बेटियां पूजा, इंदु और साधना हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।

कृष्णपाल सिंह की मौत के बाद गांव में बंदरों के आतंक को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के झुंड आए दिन घरों की छतों और आबादी में पहुंचकर उत्पात मचाते हैं। बंदरों को भगाने के दौरान लोगों के साथ हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़वाकर इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

रिपोर्टर : महेश द्विवेदी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.