तिरंगे के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, करणी सेना ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
शाहजहांपुर : मदनापुर में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर करणी सेना के तत्वावधान में क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए हजारों देशभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ ब्लॉक मुख्यालय मदनापुर से हुआ। यात्रा मदनापुर से बरी और रहदेवा होते हुए शहीद सुधीर सिंह चौहान के गांव करनपुर पड़री पहुंची। यहां शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया।
यात्रा का नेतृत्व करणी सेना के प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी शाहजहांपुर ठाकुर ओमवीर सिंह राठौड़ ने किया। वहीं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख महेश पाल सिंह रहे। उनके साथ बड़ी संख्या में करणी सेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, बुजुर्ग और क्षेत्रवासी तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा महज एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए अनगिनत वीरों और शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आजादी के इस पर्व पर शहीदों को याद करना और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता, भाईचारे और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा ने क्षेत्रवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत किया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह, सचिन चौहान, हलदल सिंह, अरविंद सिंह, अवधेश पाठक, दिलीप सिंह, विवेक कुमार, रवि चौहान, जयवीर सिंह, जगवीर सिंह, अंशुल दीक्षित, श्यामसुंदर सिंह, गोपाल सिंह दहेलिया सहित बड़ी संख्या में करणी सेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान लगातार गूंजते “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया।
रिपोर्टर : महेश द्विवेदी
No Previous Comments found.