रजपुरा में मिशन शक्ति केंद्र ने बहू-बेटी सम्मेलनः महिलाओं-बालिकाओं को सुरक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों के प्रति जागरूक किया
शाहजहांपुर : शाहजहांपुर के मदनापुर में प्रदेश सरकार और महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के निर्देश पर रविवार को एक 'बहू-बेटी सम्मेलन' आयोजित किया गया। थाना मदनापुर क्षेत्र के ग्राम रजपुरा स्थित पंचायत भवन में मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने इस सम्मेलन का आयोजन किया। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, स्वास्थ्य, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
सम्मेलन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने विवाहित महिलाओं, छात्राओं और युवतियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और आवश्यक सुझाव व परामर्श प्रदान किए। इस दौरान महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्र के सीयूजी नंबर के अतिरिक्त महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं से उनकी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र भी आमंत्रित किए गए। इसके अतिरिक्त, 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, बाल विवाह निषेध तथा जल्दबाजी में लिए जाने वाले निर्णयों के सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया गया।
बहू-बेटी सम्मेलन' का संचालन मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में महिला आरक्षी प्रीति शर्मा, रूवी तोमर और रूबी सिंह ने सक्रिय रूप से सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर महिला शक्ति सहायता समूह प्रभारी और समूह अध्यक्ष किरन तथा रवीना देवी सहित कई स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
पुलिस विभाग ने बताया कि 'बहू-बेटी सम्मेलन' के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को:
सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं का समाधान करने और महिला सशक्तीकरण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्टर : महेश द्विवेदी
No Previous Comments found.