साँप के काटने छात्र की हुई मौत परिजनों ने पोस्टमार्टम की मांग की

शाहजहांपुर। थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव रजपुरी में सांप के काटने की आशंका में नौ वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक रंजीत पुत्र छविनाथ कक्षा तीन का छात्र था और गांव के प्राथमिक विद्यालय रजपुरी में पढ़ता था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार, रंजीत 16/17 सितंबर की रात घर में तख्त पर सोया था। 17 सितंबर की सुबह करीब चार बजे उसकी मां शिल्पी देवी ने रंजीत को तख्त के नीचे पड़ा देखा। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद रंजीत के ताऊ महेश उसे निजी वाहन से जिला शाहजहांपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन इसके बाद उसे एक बाबा के पास भी ले गए, लेकिन वहां भी उसे मृत बताया गया। इसके बाद शव घर लाया गया।
रंजीत के पिता छविनाथ मजदूरी के लिए हरियाणा के रेवाड़ी जिले में गए हुए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर वह 18 सितंबर की सुबह घर पहुंचे और थाना मदनापुर पुलिस को सूचना दी। पिता ने शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

परिजनों का कहना है कि बाद में उसी कमरे में एक सांप दिखाई दिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने सांप को मार दिया। हालांकि रंजीत की मौत सांप के काटने से ही हुई या किसी अन्य कारण से, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। रंजीत चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन सोनी विवाहित है। भाई अर्जुन 11 वर्ष, रंजीत 9 वर्ष, बहन लवी 5 वर्ष और छोटा भाई गुरमंत छह माह का है।

रिपोर्टर - महेश द्विवेदी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.