कटरा-बिल्हौर स्टेट हाईवे पर सलेमपुर के पास पुलिया धंसी, रोज हो रहे हादसे

शाहजहांपुर / जलालाबाद :  कटरा-जलालाबाद-बिल्हौर स्टेट हाईवे पर मदनापुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के पास पुलिया के पास सड़क धंस गई है। सड़क धंसने से आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कई बाइक सवार चोटिल भी हो चुके हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय अंधेरे में गड्ढे का पता नहीं चल पाता, जिससे सबसे ज्यादा हादसे होते हैं। हादसे की सूचना मिलने पर मदनापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए भिजवाती है और यातायात व्यवस्था संभालती है। कई बार राहगीरों ने 112 पर भी सूचना दी है।

गांव के सुनील यादव ने बताया कि सलेमपुर पुलिया पर हर रात कोई न कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहा है। कई लोगों को चोटें आई हैं और वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसकी जानकारी स्टेट हाईवे विभाग के अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं हुई।

इस संबंध में जब स्टेट हाईवे के डीजीएम धर्मेंद्र कुमार यादव से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी पहले नहीं मिली थी। अब जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जल्द ही पुलिया के पास धंसी सड़क की मरम्मत कराकर यातायात सुचारू कराने का आश्वासन दिया है।

रिपोर्टर : महेश द्विवेदी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.