मुरादाबाद में सड़क हादसे में मदनापुर के युवक की मौत, साथी गंभीर घायल
शाहजहांपुर : मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव बरी खास निवासी एक युवक की मुरादाबाद में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, गांव बरी खास निवासी अखिलेश सिंह (28) मुरादाबाद के शास्त्रीनगर स्थित मोजे बनाने वाली एक कंपनी में काम करते थे। 17 नवंबर को वह अपने साथी सचिन पुत्र तेजपाल (22), निवासी गांव माल खिरिया, थाना तिलहर के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मुरादाबाद थाना क्षेत्र के कटकल इलाके में शाम करीब चार बजे पीछे से आए एक बड़े वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल मुरादाबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अखिलेश सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सचिन का उपचार जारी है। अखिलेश अपने पीछे पत्नी राधिका, तीन वर्षीय बेटी प्राची और एक वर्षीय बेटे कार्तिक को छोड़ गए हैं। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई नीलेश (15) और बहन नीरलेशा (17) हैं। पिता नल मिस्त्री का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां सुआ देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पत्नी और दोनों मासूम बच्चों का दुख देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
रिपोर्टर : महेश द्विवेदी

No Previous Comments found.