गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश।

शाजहाँपुर :  सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील कलान में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद शाजहाँपुर के श्रीमान जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व में श्रीमान पुलिस अधीक्षक, शाहजहाँपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, शाहजहाँपुर तथा क्षेत्राधिकारी जलालाबाद द्वारा प्रतिभाग किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों द्वारा तहसील सभागार में उपस्थित क्षेत्रीय नागरिकों, फरियादियों एवं जनप्रतिनिधियों की समस्याओं एवं शिकायतों को क्रमवार गंभीरतापूर्वक सुना गया। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, विकास, विद्युत, खाद्य एवं रसद, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, पेंशन, आवास, मार्ग, अवैध कब्जा, जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य विभागों से संबंधित प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए, जिनका अधिकारियों द्वारा अवलोकन कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। श्रीमान जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं प्रार्थना-पत्र का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समयावधि में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुलिस विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, महिला सुरक्षा, मारपीट, उत्पीड़न तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित प्रकरणों में निष्पक्ष जाँच कर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ बना रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी जलालाबाद द्वारा भी पुलिस संबंधी प्रकरणों में त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने हेतु अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपस्थित फरियादियों को आश्वस्त किया गया कि उनकी शिकायतों का नियमानुसार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : रवि कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.