कार चालक को गोली मार के हत्या करने वाले आरोपी गिरफ्तार
शाहजहाँपुर : थाना पुवायाँ पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए हत्या के एक सनसनीखेज मामले का महज़ 24 घंटे के भीतर खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। 27 अप्रैल 2026 को कमल राठौर ने थाना पुवायाँ में तहरीर देकर बताया कि उनके भाई कुलदीप राठौर (उम्र करीब 35 वर्ष), जो पेशे से कैब चालक थे, की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) से सचिन नामक युवक संदिग्ध के रूप में सामने आया। सख्ती से पूछताछ करने पर पूरा घटनाक्रम खुलकर सामने आ गया। पूछताछ में पता चला कि 26 अप्रैल की रात सचिन, कौशल, अमन और अर्जुन चारों दोस्त कुलदीप की गाड़ी से एक शादी समारोह में जा रहे थे। रास्ते में अर्जुन अपने साथ लाए अवैध तमंचे से स्टंट कर रहा था, जिसका कुलदीप ने विरोध किया। विरोध से नाराज़ होकर अर्जुन ने चालक सीट के पीछे से कुलदीप को गोली मार दी। गोली लगते ही गाड़ी अनियंत्रित होकर गन्ने के खेत में जा घुसी। घटना के बाद आरोपी डरकर मौके से फरार हो गए और पहचान छिपाने के लिए मृतक का मोबाइल व पर्स शारदा नहर में फेंक दिया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अप्रैल को मघई टोला हाईवे के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर : रवि कुमार
No Previous Comments found.