मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया जागरूक

शाहजहांपुर/मदनापुर : नारी सशक्तिकरण, नारी स्वावलंबन एवं नारी सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को थाना मदनापुर की मिशन शक्ति टीम द्वारा ग्राम मोहम्मदपुर हरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं को एकत्रित कर महिला सुरक्षा, अधिकारों और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि बाल विवाह बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। साथ ही बताया गया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। टीम ने महिलाओं को बाल विवाह निषेध से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए इस कुप्रथा को रोकने के लिए जागरूक किया।

इसके अलावा महिलाओं को महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। टीम ने 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन तथा 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में बताते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना रहा।
रिपोर्टर : महेश द्विवेदी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.