बंडा अमर सिंह डेयरी अन्नपुर्णा स्वीट्स कृष्णा स्वीट्स समेत दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

शाहजहांपुर : दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बंडा क्षेत्र में मिठाई की दुकानों और डेयरी का निरीक्षण किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान करीब 25 किलो दूषित मिठाई और 15 से 16 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक नष्ट कराई गई।

अमर सिंह डेयरी समेत प्रतिष्ठानों से लिए नमूने

विभागीय जानकारी के अनुसार, कृष्णा स्वीट्स और सक्सेना स्वीट्स से पांच-पांच किलो तथा अन्नपूर्णा स्वीट्स से 15 किलो दूषित मिठाई नष्ट कराई गई। अन्नपूर्णा स्वीट्स से एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक भी मिली। वहीं, दीपक स्वीट्स से लौज व पेड़ा, अमर सिंह डेयरी से मिश्रित दूध और शिव शक्ति स्वीट्स से सोनपापड़ी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। साफ-सफाई में कमी मिलने पर दीपक स्वीट्स, कृष्णा स्वीट्स, सक्सेना स्वीट्स, अन्नपूर्णा स्वीट्स, राम बहादुर स्वीट्स, राम नरेश स्वीट्स और बंडा स्वीट्स को नोटिस जारी किए गए।

मनजीत सिंह धालीवाल बोले- शिकायतों के बाद भी कार्रवाई खानापूर्ति तक सीमित

खाद्य विभाग की कार्रवाई पर किसान नेता मनजीत सिंह धालीवाल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंडा क्षेत्र में मिलावट की शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। केवल नमूने लेकर औपचारिकता पूरी करने से मिलावट पर रोक नहीं लगेगी। उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

सहायक आयुक्त खाद्य विनीत कुमार ने बताया कि दुकानदारों को मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट अंकित करने और निर्धारित मात्रा में रंगों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : रवि कुमार 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.