शाहजहांपुर में बड़ा हादसा टला: 36 घंटे की बारिश में तीन शेड की दीवार गिरी, सो रहा परिवार बाल-बाल बचा
मदनापुर, शाहजहांपुर : जिले में पिछले 36 घंटों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश अब गरीबों के आशियानों पर कहर बनकर टूट रही है। ताजा मामला विकास खंड मदनापुर की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर नया गांव का है। यहां निवासी सज्जाक अहमद पुत्र शेर मोहम्मद अपने परिवार के साथ रात में टीन शेड नुमा मकान में सो रहे थे। तेज आंधी और बारिश के कारण मकान में बनी पक्की दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई।
गनीमत रही कि दीवार गिरने की आवाज सुनकर सज्जाक की नींद खुल गई और उन्होंने तुरंत परिवार को जगाया। परिवार ने फुर्ती दिखाते हुए टीन शेड में बंधे जानवरों को भी बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
वहीं गांव के ही दूसरे गरीब परिवार आमिर खान पुत्र शराफत खान का शौचालय भी तेज बारिश के कारण गिर गया।
लगातार बारिश से कच्चे और टीन शेड मकानों में रह रहे गरीब परिवारों में दहशत है। पीड़ित परिवारों की निगाहें अब सरकार की मदद पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
रिपोर्टर : महेश द्विवेदी

No Previous Comments found.