महाशिवरात्रि पर ग्राम कपालिया में भक्ति का उमड़ा सैलाब

शाजापुर : शाजापुर जिले के मक्सी समीपस्थ ग्राम कपालिया स्थित यज्ञेश्वर महादेव मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व के उपलक्ष्य में महिलाओं द्वारा पारंपरिक रस्मों का आयोजन किया गया, जिसमें शुक्रवार को हल्दी की रस्म एवं शनिवार को मेहंदी की रस्म बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई।

रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन, पंचामृत अभिषेक एवं महाआरती का आयोजन किया गया। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आगमन प्रारंभ हो गया था। मातृशक्ति एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, घी, शहद एवं शक्कर से पंचामृत अभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
मंदिर के पंडित विजय नागर   द्वारा यज्ञेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार किया गया। शिवलिंग को आकर्षक फूलों, बेलपत्र एवं विविध पूजन सामग्री से सजाया गया। साथ ही पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों एवं विद्युत सज्जा से सुसज्जित किया गया, जिससे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए खीर के रूप में प्रसादी वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा गांव “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा।
उक्त जानकारी विश्व हिन्दू परिषद–बजरंग दल के प्रखंड प्रचार-प्रसार प्रमुख अनिल सिंह खमोरा द्वारा प्रदान की गई।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.