“रेबीज मैनेजमेंट प्रोग्राम” पर कार्यशाला आयोजित

शाजापुर : भारत सीरम वेक्सीन के सौजन्य से निर्मला हॉस्पिटल, प्रेम नगर, चंदेसरी, देवास रोड, उज्जैन के तत्वावधान में “रेबीज मैनेजमेंट प्रोग्राम” विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हॉस्पिटल के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से अनेक गणमान्य जीपी डॉक्टरों एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

कार्यक्रम में डॉक्टर पी.आर. रावत ने कुत्ते एवं अन्य जानवरों के काटने या खरोंचने से होने वाली रेबीज बीमारी, उसके लक्षण, उपचार तथा समय पर टीकाकरण के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर उचित उपचार और वैक्सीनेशन से रेबीज जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है।
निर्मला हॉस्पिटल की अनुभवी सर्जन डॉ. नीलम चार्ल्स ने लेप्रोस्कोपिक सर्जरी एवं उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत जीपी डॉक्टरों एवं आशा कार्यकर्ताओं की समाज के प्रति महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
इसी क्रम में हॉस्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संध्या चार्ल्स ने महिलाओं में होने वाली बीमारियों जैसे सर्वाइकल कैंसर, बच्चेदानी के कैंसर तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को महिलाओं को समय-समय पर जांच एवं टीकाकरण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यशाला के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.