खाटू श्याम सेना ट्रस्ट के फाग उत्सव में श्याम प्रेमियों पर चढ़ा भक्ति का रंग
शाजापुर : अकोदिया नगर में पांच दिवसीय रंगों के महापर्व होली का उल्लास चारों ओर देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को श्री खाटू श्याम सेना ट्रस्ट महिला मंडल अकोदिया के तत्वावधान में भव्य श्याम फाग उत्सव का आयोजन किया गया। आयोजन में रंगों और श्याम भजनों की ऐसी अमृत वर्षा हुई कि पूरा पंडाल श्याम भक्ति में सराबोर हो गया।
शाम 4 बजे से शुरू हुए फाग उत्सव में बाबा का आकर्षक दरबार सजाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अखंड ज्योत प्रज्वलित कर तथा छप्पन भोग अर्पित कर की गई। इसके बाद निशान पूजन कर बाबा को रंग, गुलाल और चंदन अर्पित करते हुए श्रद्धालुओं ने होली खेली।
फाग उत्सव के दौरान महिला मंडल की श्याम प्रेमियों ने फाग गीतों और श्याम भजनों पर जमकर गुलाल उड़ाया। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस आयोजन में श्याम प्रेमियों पर ऐसा भक्ति का रंग चढ़ा कि पूरा आयोजन स्थल “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार गेहलोत, महिला मंडल नगर अध्यक्ष मीनाक्षी चौरासिया एवं जिला अध्यक्ष बिंदु सोनी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रेम और स्नेह के रंग समाज में आपसी समरसता और मिठास घोलते हैं।
महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
इस अवसर पर महिला मंडल प्रदेश अध्यक्ष रचना शर्मा, जिला अध्यक्ष बिंदु सोनी, नगर अध्यक्ष मीनाक्षी चौरासिया, मनीषा परमार, हनी गुप्ता, राधा अग्रवाल, सुगन पाटीदार, प्रेमलता पेजवाल, भावना शर्मा, टीना राठौर, किरण राठौर, हर्षिता जायसवाल, मुस्कान खत्री सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत

No Previous Comments found.