24 घंटे में पुलिस ने पकड़े हमलावर, एससी/एसटी एक्ट और हत्या के प्रयास का मामला

शाजापुर : थाना शुजालपुर सिटी पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट एवं हत्या के प्रयास के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शाजापुर यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत थाना शुजालपुर सिटी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को फरियादी मुकेश चंद्र जाटव (45) निवासी ग्राम चितौड़ा ने थाना शुजालपुर सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9 बजे उनका पुत्र प्रिंस जाटव और पड़ोसी कांताप्रसाद पुर्बिया का पुत्र श्रीयांश पुर्बिया घायल अवस्था में घर पहुंचे, जिनके शरीर से खून निकल रहा था।
पूछताछ में प्रिंस जाटव ने बताया कि वह सुबह करीब 8:30 बजे अपने मित्र श्रीयांश के साथ चितौड़ापुरा स्थित एक दोस्त के घर जा रहा था। इसी दौरान हनुमान मंदिर गेट, पचोर रोड चितौड़ापुरा के पास दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और कुछ दिन पहले स्कूल में हुए विवाद को लेकर जातिसूचक शब्दों से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू निकालकर प्रिंस जाटव पर हमला कर दिया, जिससे उसकी कोहनी में गंभीर चोट आई।
बीच-बचाव करने आए श्रीयांश पुर्बिया पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी कमर के पीछे चोट लगी। घटना के दौरान आसपास के लोगों ने दोनों को बचाया। जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना शुजालपुर सिटी में अपराध क्रमांक 84/2026 के तहत धारा 109, 118(1), 296(बी), 351(3), 3(5) बीएनएस तथा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(वी), 3(2)(Va) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और एसडीओपी शुजालपुर निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पाठक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 मार्च को 24 घंटे के भीतर दो विधि-विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार कर लिया।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पाठक, उपनिरीक्षक इनिम टोप्पो, प्रधान आरक्षक योगेंद्रसिंह गुर्जर, आरक्षक रामबाबू सिसोदिया, राहुल सौंधिया, रवि रघुवंशी, रामबाबू लववंशी, घनश्याम राजपूत (सायबर सेल) तथा चालक एलकार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.