बालकृष्ण शर्मा नवीन कॉलेज में साइबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
शाजापुर : पुलिस अधीक्षक शाजापुर यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में जिले में साइबर अपराधों के प्रति आमजन एवं युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 06 मार्च 2026 को साइबर सेल प्रभारी विकास तिवारी द्वारा बालकृष्ण शर्मा नवीन कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल प्रभारी श्री विकास तिवारी द्वारा छात्र-छात्राओं को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, फेक कॉल, ओटीपी शेयरिंग, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लोन एप, फिशिंग लिंक एवं डिजिटल पेमेंट फ्रॉड आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपनी बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड या आधार संबंधी जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
छात्र-छात्राओं को यह भी बताया गया कि यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in� पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका समाधान साइबर सेल प्रभारी द्वारा किया गया। इस दौरान कॉलेज स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शाजापुर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि साइबर अपराधों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत

No Previous Comments found.