अकोदिया में ईद-उल-फितर पर ईदगाह में अदा हुई नमाज, अमन-चैन की दुआएं

शाजापुर - अकोदिया में रमजान माह के समापन के बाद शुक्रवार को चांद दिखाई देने पर शनिवार को अकोदिया में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संजय कॉलोनी स्थित ईदगाह में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा करने पहुंचे,जिनमें बच्चे,युवा और बुजुर्ग सभी शामिल रहे।

ईदगाह पर उस्मान अली साहब ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़े पहनकर ईदगाह पहुंचे और खुशियां बांटीं।
इस मौके पर सदर आमिर उल्ला खान और पार्षद राजू फ्रूट ने सभी नागरिकों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए नगर में अमन-चैन और भाईचारे की कामना की। अलीम साहब ने ईद को खुशी और आपसी प्रेम का त्योहार बताते हुए सभी से एकता बनाए रखने की अपील की।

त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत, नायब तहसीलदार सहित पुलिस बल ईदगाह पर तैनात रहा,जिससे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इसके अलावा शहर कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र सिकरवार, वरिष्ठ नेता इंदर सिंह परमार,बाबा महेश कंचन, मुकेश खत्री और रवि खत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मुस्लिम समाज को ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों में परिवार और मित्रों के साथ ईद का जश्न मनाया तथा एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशियां साझा कीं।

रिपोर्टर - रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.