नवीन धर्मशाला भवन निर्माण का हुआ भूमिपूजन, क्षेत्रीय विकास की घोषणाएं
शाजापुर : अकोदिया में नवीन धर्मशाला भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंदर सिंह परमार उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथियों में केदार सिंह मंडलोई सहित नटवर लाल राठी, जेपी मामा, प्रवीण जैन, श्रीमती रचना शर्मा (नगर परिषद अध्यक्ष), जगदीश विजयवर्गीय, अशोक डागा, संतोष मेवाड़ (नगर परिषद उपाध्यक्ष), बाबूलाल मेहता एवं अरविंद परमार (भाजपा मंडल अध्यक्ष) मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसे नरेंद्र मेहता द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने टप्पा चौराहे से फूलेंन तक सड़क के डामरीकरण एवं बिजली व्यवस्था के लिए ट्रांसफार्मर लगाने तथा रोड़ किनारे स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी।
मुख्य अतिथि इंदर सिंह परमार ने अपने संबोधन में प्लास्टिक के ग्लास, डिस्पोजल, पत्तल-दौने आदि के उपयोग से बचने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि टप्पा चौराहे से फूलेंन तक सड़क का डामरीकरण शीघ्र कराया जाएगा। साथ ही सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए नगर परिषद को निर्देशित किया गया और ट्रांसफार्मर लगाने का भी आश्वासन दिया।
निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए ठेकेदार शिवराज विश्वकर्मा ने बताया कि लगभग 60 लाख रुपए की लागत से धर्मशाला भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री द्वारा 25 लाख रुपए की लागत से 200/60 का टीनशेड निर्माण भी कराया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में शिवनारायण खत्री द्वारा आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत

No Previous Comments found.