अकोदिया में रेलवे फाटक नंबर 72 बना मुसीबत, लोगों का आवागमन हुआ दुभर
शाजापुर : पश्चिम रेलवे के पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अंतर्गत आने वाले सुंदरसी मार्ग स्थित रेलवे फाटक नंबर 72 पर इन दिनों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई महीनों से यहां रेलवे विभाग द्वारा कार्य किया जा रहा है, लेकिन स्थिति अब भी जस की तस बनी हुई है।
रेलवे फाटक पर गिट्टी के साथ बड़े-बड़े ब्लॉक डाल दिए गए हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। दिनभर यहां जाम जैसी स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क पूरी तरह बदहाल अवस्था में है, जो कहीं न कहीं रेलवे अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाती है। हाल ही में यहां एक पिकअप वाहन क्षतिग्रस्त होकर बीच से दो हिस्सों में बंट गया था, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि फाटक पर कार्य जारी है और आगामी दो सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
फिलहाल, लोगों को राहत का इंतजार है और उम्मीद है कि जल्द ही इस गंभीर समस्या से निजात मिलेगी।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत


No Previous Comments found.