महिला सशक्तिकरण पर एनएसएस का गरिमामय आयोजन, अंबेडकर जयंती पर दी गई संविधान की शपथ
शाजापुर : जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” (10 से 25 अप्रैल 2026) के अंतर्गत सोमवार को महिला सशक्तिकरण विषय पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की शपथ के साथ हुई। इसके पश्चात डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीणा धारीवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि सशक्त समाज के निर्माण के लिए महिलाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। विशेष अतिथि विधि संकाय के डॉ. गुलाब मेवाड़ा ने “भारतीय संविधान में डॉ. अंबेडकर का योगदान” विषय पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने संविधान में समानता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों को प्रमुखता दी, जो आज भी लोकतंत्र की आधारशिला हैं। कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र कुंभकार ने “स्वस्थ जीवन” विषय पर विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता छात्रा कुमारी हर्षिता नागजी ने की। मंच संचालन कुमारी वैष्णवी मालवीय द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन अंश राठौर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रीतम सिंह परमार का विशेष सहयोग रहा। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत

No Previous Comments found.