मोटरसाइकिल चोरी के विरोध में ग्रामीणों का ऐलान, 15 अप्रैल को नेशनल हाईवे पर चक्का जाम
शाजापुर : ग्राम मदाना में मोटरसाइकिल चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इसी के चलते गांव के लोगों ने बुधवार 15 अप्रैल को सुबह 10 बजे सारंगपुर–शुजालपुर मार्ग पर मदाना जोड़ के पास चक्का जाम करने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल को ग्राम मदाना में आगजनी की घटना हुई थी, जिसमें मदद के लिए पहुंचे कृषक सुजान सिंह राजपूत की मोटरसाइकिल मौके से चोरी हो गई। आग बुझने के बाद जब वह अपने वाहन के पास पहुंचे तो बाइक गायब मिली। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण उसी रात बड़ी संख्या में पुलिस थाना सलसलाई पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था, लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
ग्रामीणों ने पुलिस को कार्रवाई के लिए बुधवार तक का समय दिया था, लेकिन कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आने से नाराजगी और बढ़ गई है। इसी को लेकर गांव के माता मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि “चाहे कुछ भी हो जाए, जब तक बाइक नहीं मिलेगी, तब तक सड़क से नहीं हटेंगे।”
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। इससे पहले भी गांव में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कार्रवाई के लिए आंदोलन का सहारा लेना पड़ा था।
चक्का जाम की सूचना से प्रशासन में भी हलचल है, वहीं बुधवार को यातायात प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत

No Previous Comments found.