पीएमयूएमएस शिक्षक संघ का सराहनीय कार्य, दिवंगत सदस्यों के परिवारों को 1.63 करोड़ तक पहुँचा सहयोग

शाजापुर : पीएमयूएमएस शिक्षक संघ द्वारा अपने दिवंगत सदस्यों के परिजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने की पहल लगातार सराहना बटोर रही है। कर्मचारी कल्याण कोष योजना के तहत इस बार दो दिवंगत सदस्यों के परिवारों को एक साथ सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिसमें अब तक कुल सहयोग राशि एक करोड़ 63 लाख रुपये तक पहुँच चुकी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वर्गीय महेन्द्र सिंह मुवेले के परिवार को लगभग 23 लाख रुपये तथा स्वर्गीय रेवाराम अलोने के परिवार को 27 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। यह सहयोग प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगी।
संघ के अनुसार वर्तमान में करीब 1 लाख 6 हजार शिक्षक एवं कर्मचारी सदस्य बन चुके हैं, जिनमें शिक्षा विभाग के अधिकारी, बाबू और चपरासी भी शामिल हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में नए सदस्य संगठन से जुड़ रहे हैं।
जिला प्रभारी नरेंद्र राजपूत ने बताया कि कर्मचारी कल्याण कोष योजना “सहयोग के बदले सहयोग” की भावना पर आधारित है, जिसके माध्यम से दिवंगत साथियों के परिवारों को निरंतर सहायता प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य की सहभागिता इस योजना की सफलता के लिए आवश्यक है।
आईटी सेल प्रभारी इंदर नाथ ने जानकारी देते हुए कहा कि जो सदस्य सहयोग नहीं करते, वे योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं। किसी दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति में ऐसे सदस्यों के लिए सहायता की अपील नहीं की जाती, इसलिए सभी से समय पर सहयोग करने की अपील की गई है।
संघ के संस्थापक सतीश खरे ने बताया कि सहयोग प्रक्रिया को और सरल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जून माह तक एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिससे सदस्यों को तकनीकी सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन मध्यप्रदेश के सबसे बड़े संघों में शामिल हो चुका है और जल्द ही शासन से औपचारिक मान्यता प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है।
जिला प्रभारी नरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि जिले से एक हजार से अधिक सदस्यों ने सहयोग कर दिवंगत साथियों को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। संघ द्वारा अपील की गई है कि जो साथी अभी तक सदस्यता नहीं ले पाए हैं, वे शीघ्र जुड़कर इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनें।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.