डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन
शाजापुर : भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के उपलक्ष्य में आज शाजापुर जिला मुख्यालय स्थित गांधी हॉल में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलित एवं कन्या पूजन कर किया गया।
विधायक श्री भीमावद ने भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती की सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर द्वारा विश्व का सबसे बड़ा संविधान भारत का संविधान लिखा हैं, जिसमें उन्होंने शिक्षित बनों, संगठित रहों और संघर्ष करों का उल्लेख किया हैं, जिसको हम सभी को आत्मसात कर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने संविधान में सौंपे गये कर्त्तव्यों का पालन करते हुए देश के प्रति अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करने एवं सभी को सामाजिक समरसता के साथ रहने के लिए कहा।
विधायक श्री अरूण भीमावद ने कहा कि भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा डॉ. भीमराव अम्बेडकर के सपनों का भारत बनाने का कार्य किया जा रहा हैं। जिसके तहत महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर 16 अप्रैल से देश की संसद में 3 दिवसीय विशेष सत्र में “नारी शक्ति वंदन” अधिनियम के पूर्ण क्रियान्वयन को लेकर ऐतिहासिक चर्चा आयोजित की जायेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वसहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें लखपति दीदी बनाया जा रहा हैं। साथ ही साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का भी कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा हैं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, विकसित भारत 2047 आदि के बारे में विस्तार से बताया।
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने संबोधित करते हुए डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के जीवन की महत्वपूर्ण बातों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत के संविधान का निर्माण किया हैं। उन्होंने सभी से संविधान में उल्लेखित कर्त्तव्यों का पालन करते हुए कार्य करने के लिए कहा। साथ ही उन्होंने बताया कि बाबा साहब ने अपने उद्देश्यों को आत्मसात कर सीमित संसाधानों में आगे बढ़े और अपने लक्ष्यों को प्राप्त किया। साथ ही उन्होंने समानता की लड़ाई भी लड़ी।
इस अवसर पर जिला पेंशन अधिकारी जीएल गुवाटिया एवं सेवानिवृत्त शिक्षक कैलाश सूर्यवंशी ने भी संबोधित किया। इस दौरान विधायक श्री भीमावद द्वारा उपस्थित जनों को भारत का संविधान उद्देशिका का वाचन भी कराया गया।
इस दौरान विधायक श्री भीमावद, कलेक्टर सुश्री बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री राजपूत एवं उपस्थित अतिथियों ने “नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा अंतर्गत नारी पद यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
पुरस्कारों एवं हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण
समारोह में विधायक श्री भीमावद एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा नारी शक्ति सम्मान समारोह के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी तरह 14 महिला आजीविका स्वसहायता समूहों को 57 लाख 82 हजार रूपये राशि के ऋण वितरण, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री नि:शक्त विवाह प्रोत्साह योजना अंतर्गत मनीष कुशवाह को 1 लाख रूपये व श्री विकास कुशवाह को 2 लाख रूपये एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 7 हितग्राहियों को 600-600 रूपये की राशि के स्वीकृत पत्र प्रदान किये गये। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 10 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, 03 लाड़ली लक्ष्मी योजना की बालिकाओं को प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। कक्षा 9वी के 06 विद्यार्थियों को साईकिल वितरित की गई। इसी तरह प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत भी हितलाभ राशि एवं अनुदान राशि का भी वितरण हितग्राहियों को किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, आशीष नागर, विकास सिंदल, जुगल नाहर, जिला पंचायत सदस्य श्री प्रेम मालवीय, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अनुपमा चौहान, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मनीषा वास्कले, डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा गंगारे व श्रीमती अंकिता पाटकर, जन अभियान परिषद जिला समन्वयक विष्णु प्रसाद नागर, महिला एवं बाल विकास कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी, सुनील मालवीय, भैरूलाल सौराष्ट्रीय, पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण, महिलाएं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती रेखा पुरोहित व गौरव सोनी ने किया एवं आभार जिला पंचायत सीईओ श्रीमती चौहान ने माना।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत


No Previous Comments found.