छोटे नगर की बड़ी उड़ान: पोलायकलां की देवांशी पालीवाल बनीं “मिस देहली”
शाजापुर - छोटे से नगर पोलायकलां की होनहार बेटी देवांशी पालीवाल ने “मिस देहली” का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे नगर और जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। जैसे ही यह खबर फैली, बधाइयों का तांता लग गया। देवांशी अब आगामी मिस इंडिया 2026 प्रतियोगिता में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करेंगी, जो जिले के लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने अपने आत्मविश्वास, प्रभावशाली व्यक्तित्व और शानदार संवाद कौशल से निर्णायकों को प्रभावित किया। विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अन्य प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया।
परिवारजनों ने बताया कि देवांशी बचपन से ही बड़े सपने देखती थीं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करती रहीं। उनका अनुशासन, समर्पण और मेहनत आज उनकी सफलता के रूप में सामने आया है। देवांशी ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को दिया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से वे इस मुकाम तक पहुंच सकीं।
नगर के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी उनकी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। देवांशी की उपलब्धि से अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा मिलेगी।
देवांशी पालीवाल ने कहा कि यह उनकी सफलता की शुरुआत है और वे भविष्य में और बड़े मंचों पर अपने जिले और देश का नाम रोशन करना चाहती हैं। उनकी इस उपलब्धि से पोलायकलां सहित पूरे जिले में उत्साह और गर्व का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टर - रमेश राजपूत


No Previous Comments found.