रानी बडौद में आबकारी नियमों की अनदेखी! एक लाइसेंस, दो-दो जगह शराब बिक्री का खेल
शाजापुर : शाजापुर जिले के ग्राम रानी बडौद में आबकारी नियमों की खुली अनदेखी सामने आई है। जहां एक ओर आबकारी विभाग द्वारा केवल एक ही शराब दुकान को अनुमति दी गई है, वहीं दूसरी ओर गांव में ही एक और स्थान पर अवैध रूप से शराब बिक्री धड़ल्ले से जारी है।
जानकारी के अनुसार, रानी बडौद में अधिकृत शराब दुकान अकोदिया-सुंदरसी रोड पर नितरडी जोड़ के पास संचालित हो रही है। लेकिन इसके अलावा तलाई के पास भी ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा खुलेआम शराब बेची जा रही है, जो नियमों के विरुद्ध है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध बिक्री से न सिर्फ कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि युवाओं पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। बावजूद इसके, आबकारी विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस मामले में जब हमारे संवाददाता ने आबकारी विभाग शुजालपुर के उपनिदेशक सुरेश पटेल से बात की, तो उन्होंने कहा कि, “हमें इस संबंध में जानकारी मिली है। रानी बडौद में केवल एक दुकान की अनुमति है। यदि ठेकेदार द्वारा दूसरी जगह बिक्री की जा रही है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
अब देखने वाली बात यह होगी कि विभाग इस मामले में कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है, या फिर यह अवैध कारोबार यूं ही चलता रहेगा।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत


No Previous Comments found.