रानी बडौद में ‘क्षीर धारा ग्राम योजना’ के तहत पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित

शाजापुर - जिले के ग्राम रानी बडौद में ‘क्षीर धारा ग्राम योजना’ के अंतर्गत पशु स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर इलाई माता मंदिर प्रांगण में आयोजित हुआ, जिसमें ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में पशुपालकों ने भाग लिया। शिविर में लगभग 40 पशुपालक अपने पशुओं से संबंधित समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां पशु चिकित्सकों द्वारा जांच कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में “स्वस्थ पशु, स्वस्थ बाड़ा,उत्तम स्वास्थ्य, स्थिर आय” के महत्व पर जोर देते हुए नियमित देखभाल, समय पर कृमिनाशक दवा देने एवं विभाग द्वारा चलाए जाने वाले टीकाकरण अभियान की जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही पशुपालकों को पशु केसीसी (KCC) बनवाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से लाभ मिल सके।

शिविर में पशु चिकित्सालय अकोदिया की पशु चिकित्सक डॉ.सीमा ठाकुर,नंदलाल प्रजापति,जगदीश शर्मा,सरपंच विक्रम राठौर,पत्रकार रमेश राजपूत सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्राम में आयोजित इस शिविर को लेकर पशुपालकों में उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे उपयोगी पहल बताया।

रिपोर्टर - रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.