कलेक्टर सुश्री बाफना ने गेहूं उपार्जन कार्य का निरीक्षण किया
शाजापुर : सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं रखें - कलेक्टर सुश्री बाफना कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आज जिले के विभिन्न केंद्रों पर किए जा रहे गेहूं उपार्जन कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर सुश्री बाफना ने ग्राम राणोगंज में दीपतारा वेयर हाउस (उपार्जन संस्था पैक्स मोहम्मदखेड़ा), ग्राम मउघाट में गजेन्द्र वेयर हाउस (उपार्जन संस्था पैक्स उचोद), कालापीपल में यशोदा वेयर हाउस (उपार्जन संस्था पैक्स कालापीपल) व अष्ट विनायक वेयर हाउस (उपार्जन संस्था विपणन सहकारी संस्था कालापीपल), ग्राम नांदनी में केशव वेयर हाउस (उपार्जन संस्था पैक्स नांदनी), ग्राम ढाबलाधीर में बाबा महाकाल वेयर हाउस (उपार्जन संस्था रानी SHG कालापीपल) व वेयर हाउस (उपार्जन संस्था माँ अन्नपूर्णा SHG सेमली) तथा बेहरावल में उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री बाफना ने अपने समक्ष उपज की तुलाई के वजन का परीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों को शासन के निर्देशानुसार निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप फसल की तुलाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने उपार्जन केन्द्रों पर बारदानों की उपलब्धता एवं परिवहन की जानकारी भी प्राप्त की। सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं रखें कलेक्टर सुश्री बाफना ने सभी केन्द्रों पर तौल प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था, किसानों की बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पेयजल, छाया तौलकांटा, छलना रखने तथा प्रात: 8.00 बजे से उपार्जन केन्द्र खोलने के निर्देश दिये। उन्होंने परिवहन गाड़ियों को भरने के लिए अतिरिक्त हम्माल को लगाकर भरने व खुले स्थानों पर उपार्जित गेंहू का परिवहन करने के निर्देश दिए। उपार्जन कार्य पारदर्शिता एवं समयबद्धता से करें कलेक्टर सुश्री बाफना ने संबंधित प्रबंधको को निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही बिल बनाकर किसानों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करे, किसानों को बिल पर्ची पर सील एवं साईन कर दे। किसानों को समय पर भुगतान करें कलेक्टर सुश्री बाफना ने मध्यप्रदेश सिविल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारी को निर्देश दिये कि एसी नोट जारी कर टीसी जारी करें, ताकि किसानों को शीघ्र व समय पर भुगतान हो जाये। नॉन एवं एफएक्यू गुणवत्ता की सही तरीके से जांच करें कलेक्टर सुश्री बाफना ने सर्वेयर को निर्देश दिए कि गेहूं को अनावश्यक रूप से रिजेक्ट न करें व निर्धारित मापदण्डों के अनुसार नॉन एवं एफएक्यू गुणवत्ता की सही तरीके से जांच करें। किसानों से चर्चा कर उनकी समस्या सुनी कलेक्टर सुश्री बाफना ने निरीक्षण के दौरान उपार्जन केन्द्रों पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी किसान भाईयों से कहा है कि किसान भाई परेशान नहीं हो, उनकी शतप्रतिशत उपज खरीदी जायेगी। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर राजकुमार हलदार, उपायुक्त सहकारिता ओपी गुप्ता, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्या. मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री कोमल डहाके, तहसीलदार, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी भी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत

No Previous Comments found.