महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र कुम्भकार बने शाजापुर के जिला संगठक
शाजापुर : राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से युवाओं में सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने वाले कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र कुम्भकार को राष्ट्रीय सेवा योजना शाजापुर का जिला संगठक नियुक्त किया गया है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर शिक्षा जगत, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक संगठनों में हर्ष का वातावरण है।
देवेंद्र कुम्भकार वर्तमान में जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में एनएसएस के माध्यम से अनेक नवाचारपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का सफल संचालन किया है। स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशामुक्ति जागरूकता, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, फिट इंडिया अभियान, युवा नेतृत्व विकास तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
राष्ट्रीय सेवा योजना में उनके उत्कृष्ट कार्य, संगठन क्षमता एवं नेतृत्व कौशल को देखते हुए उन्हें जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति पर महाविद्यालय परिवार, स्वयंसेवकों, पूर्व स्वयंसेवकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सभी के बधाई संदेश में कहा गया कि आपकी नियुक्ति आपके कठिन परिश्रम, समर्पण, प्रतिभा एवं कुशल नेतृत्व क्षमता का परिणाम है। आपका यह नया दायित्व समाज सेवा की भावना को और मजबूत करेगा तथा युवाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। हमें आप पर गर्व है। ईश्वर से आपके उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की मंगलकामना करते हैं।
शुभचिंतकों ने विश्वास व्यक्त किया कि आपके नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना नई ऊँचाइयों तक पहुँचेगी तथा जिले के युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की नई प्रेरणा मिलेगी।”
अपनी नियुक्ति पर देवेंद्र कुम्भकार ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व विकास और समाज सेवा का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि जिला संगठक के रूप में उनका प्रयास रहेगा कि जिले की सभी एनएसएस इकाइयों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी गतिविधियों का संचालन किया जाए।उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को समाजहित के कार्यों में लगाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास जैसे विषयों पर विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. शर्मा ने देवेंद्र कुम्भकार को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. कुम्भकार के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना जिले में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी तथा युवाओं में समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को और अधिक सशक्त बनाएगी।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत
No Previous Comments found.