अकोदिया में चोरी का खुलासा नहीं होने पर फूटा लोगों का गुस्सा, महाराणा प्रताप चौराहे पर लगाया जाम
शाजापुर - अकोदिया नगर में एक माह पूर्व हुई करोड़ों की चोरी के मामले का खुलासा नहीं होने से नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। रविवार को बड़ी संख्या में लोग अकोदिया के महाराणा प्रताप चौराहे पर एकत्रित हुए और सड़क पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 12 मई 2026 को पूर्व पार्षद लौकेन्द्र सिंह उर्फ राहुल मंडलोई के घर हुई बड़ी चोरी की घटना के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। चोरी में लगभग 32 लाख 50 हजार रुपये नकद एवं करीब 50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई थी।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व भी बड़ी संख्या में नागरिक अकोदिया थाने पहुंचे थे और पुलिस को जल्द कार्रवाई नहीं होने पर चक्का जाम करने की चेतावनी दी थी। निर्धारित चेतावनी के अनुसार रविवार को नागरिक सड़क पर उतर आए और महाराणा प्रताप चौराहे पर जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। मामले को लेकर नगर में लगातार चर्चा का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत
No Previous Comments found.