क्रीड़ा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय योग कार्यक्रम संपन्न

शाजापुर - जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय शुजालपुर, में क्रीड़ा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई  के संयुक्त तत्वावधान में अंतरर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 19 जून से 21 जून तक तीन दिवसीय योग कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों,खिलाड़ियों एवं आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के प्रथम एवं द्वितीय दिवस अर्थात 19 एवं 20 जून को प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक महाविद्यालय के खेल मैदान पर योग अभ्यास सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में योग प्रशिक्षक उषा कोहली एवं रिया दुबे द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान आदि क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों,राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के महत्व को समझाते हुए नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ युवा प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुआ, तत्पश्चात भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुरूप मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री श्री विजय बैस, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती बबीता बेनी परमार, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आलोक खन्ना एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रवीणा धारीवाल सहित अन्य अतिथियों का तिलक लगाकर एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। मुख्य कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक ऋचा योगी एवं रिया दुबे द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों एवं स्टाफ सदस्यों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराते हुए योग के महत्व एवं उससे होने वाले लाभ की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

सामूहिक योगाभ्यास के पश्चात उपस्थित सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों ने यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी का अंतरर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिवंत प्रसारण के माध्यम से पेरणास्प्रद उद्बोधन का स्वर्ण किया। प्रधानमंत्री ने योग को मानव कल्याण का सशक्त माध्यम बताते हुए देश वासियों को नियमित रूप से योगा-प्राणायाम करने की अपील की। उन्होंने वर्ष 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि योग बढ़ती आयु में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, चुस्ती-फुर्ती, आत्मनिर्भरता तथा जीवन की गुणवत्ता बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।

मुख्य अतिथि विजय बैस ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज सम्पूर्ण विश्व ने स्वीकार किया है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवन जीने की संपूर्ण जीवन पद्धति है। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा को आत्मसात करते हुए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि श्रीमती बबीता बेनी परमार ने कहा कि योग स्वस्थ समाज के निर्माण की आधारशिला है। योग व्यक्ति को शारीरिक,मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा जीवन में सकारात्मकता का संचार करता है। जनभागीदारी समिति अध्यक्ष आलोक खन्ना ने कहा कि योग वर्तमान समय की आवश्यकता है। तनावपूर्ण जीवनशैली में योग ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं संतुलन प्रदान करता है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रवीणा धारीवाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि अंतरर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” प्रत्येक आयु वर्ग के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। योग न केवल स्वास्थ्य संरक्षण का माध्यम है, बल्कि यह व्यक्ति को आत्मनिर्भर, सक्रिय एवं ऊर्जावान बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। क्रीड़ा अधिकारी देवेंद्र कुम्भकार ने बताया कि योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता, एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं मानसिक संतुलन में वृद्धि होती है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. आनंद कुमार अजनोदिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री बेनी प्रसाद परमार, लेफ्टिनेंट डॉ. रवि राठौर, दीपक परमार, सतीश गोयल, लाड़ सिंह राजपूत, भूपेंद्र परमार, प्रीतम सिंह परमार सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी, एन सी सी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं स्पोर्ट्स खिलाड़ी उपस्थित रहे। अंत में लेफ्टिनेंट डॉ. रवि राठौर ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों उषा कोहली, ऋचा योगी एवं रिया दुबे के योगदान की सराहना करते हुए उनका सम्मान भी किया गया। राष्ट्र एवं समाज के स्वस्थ, सशक्त एवं जागरूक निर्माण के संकल्प के साथ राष्ट्रगान द्वारा कार्यक्रम का समापन हुआ।

रिपोर्टर - रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.