स्कूलों के मर्जर के बाद सांदीपनि विद्यालय पर बढ़ा परिवहन का दबाव, 11 बसों के भरोसे 600 विद्यार्थियों का सफर
शाजापुर : जिले के अकोदिया शासकीय विद्यालयों के मर्जर के बाद अकोदिया स्थित महाराणा प्रताप सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। छात्र संख्या बढ़ने के साथ-साथ विद्यालय की परिवहन व्यवस्था पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ने लगा है। वर्तमान में करीब 600 विद्यार्थी केवल 11 बसों के भरोसे प्रतिदिन विद्यालय आना-जाना कर रहे हैं, जिससे कई बसों में क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को सफर करना पड़ रहा है। विद्यालय में इस वर्ष लगभग 2,100 विद्यार्थियों की क्षमता निर्धारित की गई है, जबकि अब तक करीब 1,800 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए बस सुविधा उपलब्ध है, लेकिन सीमित बसों के कारण कई बसों में 60 से अधिक विद्यार्थी बैठकर यात्रा करने को मजबूर हैं। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। बसों में पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण कई छात्र-छात्राओं को पैदल, ऑटो या अभिभावकों के निजी वाहनों से विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। शासन के नियमों के अनुसार विद्यालय से दो किलोमीटर के दायरे में रहने वाले कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों को बस सुविधा नहीं मिलती, जबकि कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए यह सीमा एक किलोमीटर निर्धारित है। ऐसे में अनेक अभिभावकों को प्रतिदिन अपने बच्चों को बाइक या अन्य साधनों से विद्यालय छोड़ना और वापस लाना पड़ रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि छात्र संख्या बढ़ने के अनुरूप बसों की संख्या भी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन मिल सके तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना या परेशानी से बचा जा सके।
तीन नई बसों को मिली स्वीकृति विद्यालय के प्राचार्य आर.एस. चावड़ा ने बताया कि बढ़ती छात्र संख्या को देखते हुए शासन से छह अतिरिक्त बसों की मांग की गई थी। इनमें से तीन बसों की स्वीकृति मिल चुकी है और उम्मीद है कि दो-तीन दिनों के भीतर ये बसें विद्यालय को उपलब्ध हो जाएंगी। नई बसें मिलने के बाद परिवहन व्यवस्था में काफी सुधार होगा और विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत
No Previous Comments found.