बनबोर के जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 5 जुआरी गिरफ्तार ₹65,100 नकद, ऑल्टो कार, बाइक, 5 मोबाइल और ताश के पत्ते जब्त

शाजापुर :  जिले में जुआ एवं सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोहन बड़ोदिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बनबोर के जंगल में संचालित जुए के फड़ पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹65,100 नगद, 52 ताश के पत्ते, एक ऑल्टो कार, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹3 लाख बताई गई है। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह तोमर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 20-21 जुलाई की रात उपनिरीक्षक जी.पी. चैबे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बनबोर के जंगल में एक कुएं के पास कुछ लोग रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में ललित नाथ, देवीसिंह, राकेश खाती, प्रेमनारायण तथा लक्ष्मीचंद उर्फ शेरुसिंह शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जी.पी. चैबे, एएसआई लाखन सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक जगदीश दांगी सहित थाना मोहन बड़ोदिया के पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।

रिपोर्टर : चीफ रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.