4 दिन में चोरी का खुलासा: सगे भाई ने ही उड़ाई 95 हजार की चांदी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

शाजापुर : जिले के थाना सुंदरसी पुलिस ने महज चार दिनों में चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई करीब 500 ग्राम चांदी (कीमत लगभग ₹95 हजार) बरामद कर ली है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने वाला कोई और नहीं, बल्कि फरियादी का सगा भाई निकला। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को फरियादी कैलाश पिता बोंदूलाल चौहान, निवासी घटिया खुर्द, ने अपने घर से लगभग 500 ग्राम चांदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना सुंदरसी में अपराध क्रमांक 133/2026 धारा 331(3), 305(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी डॉ. नागेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी श्रीमती मनीषा शर्मा ने विशेष टीम का गठन किया।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर दीपक पिता बोंदूलाल चौहान, निवासी घटिया खुर्द को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 500 ग्राम चांदी बरामद कर ली गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक केदार पटेल, प्रधान आरक्षक नटवरलाल प्रजापति, प्रधान आरक्षक राजेश बोरासी, आरक्षक रविन्द्र कुशवाह, आरक्षक वृन्दावद एवं आरक्षक आशुतोष शर्मा की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। थाना सुंदरसी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला मात्र चार दिनों में सुलझ गया और चोरी गई पूरी चांदी भी बरामद कर ली गई।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.