गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के तहत शासकीय उमावि मोहनखेड़ा में योगाभ्यास एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन

शाजापुर : प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त विद्यालयों में 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनखेड़ा में विभिन्न प्रेरणादायक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं गुरु पूजन के साथ हुआ। पखवाड़े के अंतर्गत विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराने के लिए सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। स्काउट मास्टर विक्रम सिंह कुशवाहा ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा प्रतिदिन अपने घर के आंगन, छत, खेत-खलिहान अथवा किसी सुरक्षित स्थान पर नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और एकाग्रता बढ़ती है। पखवाड़े के दौरान विद्यालय में पूर्व में निबंध प्रतियोगिता, संस्कृत श्लोक वाचन, भजन एवं गुरु वंदना जैसी गतिविधियों का भी सफल आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य हजारीलाल जाधव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों से गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.