₹10 हजार की इनामी फरार महिला आरोपी गिरफ्तार, शुजालपुर मंडी पुलिस को बड़ी सफलता
शाजापुर : जिले की शुजालपुर मंडी पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रही ₹10,000 की इनामी महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के समय से फरार थी और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देशन में गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के नेतृत्व एवं एसडीओपी निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2024 को थाना शुजालपुर मंडी में एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान बालिका को 1 जुलाई 2024 को राजस्थान के नागौर जिले से दस्तयाब किया गया। न्यायालय में दर्ज बयानों एवं जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराएं जोड़ी गईं।
इस मामले में मुख्य आरोपी भगवान सिंह उर्फ योगेश सोनी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं एक अन्य सह-आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया था। प्रकरण की फरार महिला आरोपी कलावती (44) निवासी आगर, हाल मुकाम जोधपुर (राजस्थान), लगातार पुलिस से बच रही थी। उसकी गिरफ्तारी पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 19 जुलाई 2026 को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय शुजालपुर में पेश किया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार यादव, प्रधान आरक्षक आशीष वर्मा, आरक्षक विनोद भैसानिया, महिला आरक्षक ममता परिहार तथा साइबर सेल के आरक्षक घनश्याम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर : चीफ रमेश राजपूत
No Previous Comments found.