शाजापुर जिला शिक्षा अधिकारी ने किया महाराणा प्रताप सांदीपनि विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना की

शाजापुर : जिले के अकोदिया स्थित महाराणा प्रताप सांदीपनि विद्यालय का शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री दीपाकीर ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर को और अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस अभियान में विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके पालकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी के साथ जिला क्रीड़ा अधिकारी बी.एल. गोयल एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से कैलाश डोर भी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य मोहन सिंह चावड़ा, उप प्राचार्य कमलेश कुम्भकार तथा नरेंद्र सिंह राजपूत ने अधिकारियों का स्वागत किया और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय के बेहतर संचालन की सराहना करते हुए भविष्य में भी गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही।

रिपोर्टर : चीफ रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.