पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला की अभिनव पहल : जिले के प्रत्येक थाने में साइबर पुलिस इकाई की शुरुआत
शाजापुर : साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला द्वारा जिले के प्रत्येक थाने में साइबर पुलिस इकाई (Cyber Help Unit) की शुरुआत की गई है।
इस पहल के तहत नव नियुक्त आरक्षकों को विशेष साइबर प्रशिक्षण प्रदान कर जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है। प्रशिक्षित आरक्षक अब अपने-अपने थानों में साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर निराकरण, ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में आवश्यक मार्गदर्शन, साइबर जागरूकता अभियान तथा साइबर संबंधी तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएंगे।
अब आम नागरिकों को साइबर संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर प्राप्त शिकायतों के प्रारंभिक निराकरण के साथ-साथ CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से खोए अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने एवं संबंधित कार्रवाई की प्रक्रिया भी अब संबंधित थाने से ही की जा सकेगी। इससे नागरिकों को त्वरित एवं सुविधाजनक पुलिस सेवा प्राप्त होगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने बताया कि प्रत्येक थाने में साइबर प्रशिक्षित आरक्षकों की तैनाती से साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, शिकायतों के शीघ्र निराकरण तथा आमजन को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी। शाजापुर पुलिस तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए नागरिकों को सरल, सुलभ एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर : रमेश राजपूत
No Previous Comments found.