श्याम स्वरूप सक्सेना के सेवा निवृत्ति एवं सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन

शाजापुर :  जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर में महाविद्यालय परिवार द्वारा श्याम स्वरूप सक्सेना के 62 वर्ष की आयु पूर्ण होने एवं सेवा निवृत्ति के अवसर पर गरिमामय सेवा निवृत्ति एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने श्री सक्सेना के 37 वर्ष के शासकीय सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित, सरल एवं समर्पित व्यक्तित्व की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और उत्तरदायित्व के साथ महाविद्यालय की प्रगति एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कार्यशैली, समयपालन तथा सहयोगात्मक व्यवहार सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।

समारोह में महाविद्यालय परिवार की ओर से श्याम स्वरूप सक्सेना का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भावभीनी विदाई एवं सम्मान किया गया। अपने उद्बोधन में श्री सक्सेना ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने 37 वर्ष के सेवाकाल में सभी अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का सदैव स्नेह, सहयोग और सम्मान प्राप्त हुआ, जिसे वे जीवनभर स्मरण रखेंगे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त अधिकारी, प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने श्री सक्सेना के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएँ दीं। समारोह उपरांत सहभोज का आयोजन किया गया।

रिपोर्टर :  रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.