01 से 10 अगस्त तक शाजापुर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान
शाजापुर : पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में निजी वाहनों पर अनाधिकृत रूप से लगाए जा रहे हूटर, सायरन, फ्लैश लाइट (लाल, पीली एवं नीली बत्ती), वीआईपी एवं शासकीय स्टीकर, नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट तथा अवैध ब्लैक फिल्म (टिंटेड ग्लास) के विरुद्ध दिनांक 01 अगस्त से 10 अगस्त 2026 तक विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जाएगा।
इसी क्रम में जिला शाजापुर में भी यातायात पुलिस एवं जिले के समस्त थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सघन वाहन जांच की जाएगी तथा मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।अभियान के दौरान विशेष रूप से निम्न बिंदुओं पर जांच एवं कार्रवाई की जाएगी, निजी वाहनों में लगाए गए अनाधिकृत हूटर, सायरन, प्रेशर हॉर्न तथा लाल, पीली एवं नीली फ्लैश लाइट (बत्ती)। निजी वाहनों पर लगाए गए VIP, Government, On Duty, Press, Police, Advocate, Judge अथवा अन्य किसी प्रकार के अनाधिकृत स्टीकर, मोनोग्राम, प्रतीक चिन्ह एवं पदनाम।
नियमों के विपरीत लगी फैंसी, परिवर्तित, अस्पष्ट, ढकी हुई अथवा मानक विनिर्देशों के अनुरूप नहीं होने वाली नम्बर प्लेट चार पहिया वाहनों के शीशों पर लगाई गई अवैध ब्लैक फिल्म (टिंटेड ग्लास)।मोटर वाहन अधिनियम एवं यातायात नियमों के अन्य उल्लंघन।
वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील
पुलिस अधीक्षक शाजापुर श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने जिले के समस्त वाहन स्वामियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों का स्वयं निरीक्षण कर लें तथा यदि वाहन में किसी प्रकार का अनाधिकृत हूटर, सायरन, फ्लैश लाइट, वीआईपी अथवा शासकीय स्टीकर, नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट या अवैध ब्लैक फिल्म लगी हो तो उसे तत्काल हटवा लें। ऐसा कर वे अनावश्यक चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई से बच सकते हैं।
उन्होंने सभी वाहन चालकों से वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीयन प्रमाण-पत्र (आर.सी.), बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र (PUC) जैसे आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की भी अपील की।
जिला शाजापुर पुलिस आमजन से अपेक्षा करती है कि वे इस विशेष अभियान में सहयोग करें तथा यातायात नियमों का स्वेच्छा से पालन कर सुरक्षित, अनुशासित एवं कानूनसम्मत यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहभागी बनें।"यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।"
रिपोर्टर : रमेश राजपूत
No Previous Comments found.