बी.ए. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित

शाजापुर : जवाहरलाल नेहरू स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शुजालपुर में बी.ए. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, पुस्तकालय, राष्ट्रीय सेवा योजना, विभागीय गतिविधियों एवं महाविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं और गतिविधियों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विशेषज्ञ प्रभारियों एवं शिक्षकों द्वारा प्रदान की गई। प्रवेश संबंधी समस्त जानकारी प्रभारी डॉ. मुकेश मेवाड़ा द्वारा विद्यार्थियों को दी गई। वहीं पुस्तकालय से संबंधित समस्त जानकारी श्रीमती वर्षा यादव द्वारा प्रदान की गई।

इसी क्रम में छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण ‘गाँव की बेटी’ एवं ‘प्रतिभा किरण’ योजनाओं की जानकारी सुश्री संध्या सोलंकी द्वारा दी गई, जबकि विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं एवं उनसे संबंधित प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी डॉ. सुरभी गुप्ता द्वारा प्रदान की गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की गतिविधियों, उद्देश्य एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी गजेन्द्र पाटीदार द्वारा दी गई। कला संकाय से संबंधित समस्त शैक्षणिक एवं विभागीय जानकारी संकाय प्रभारी डॉ. प्रवीणा धारीवाल द्वारा विद्यार्थियों को प्रदान की गई।

महाविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों तथा गुणवत्ता संबंधी कार्यों की जानकारी IQAC प्रभारी डॉ. बी. के. त्यागी द्वारा विद्यार्थियों को दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. आनंद कुमार अजनोदिया द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को इंडक्शन प्रोग्राम के उद्देश्य से अवगत कराते हुए महाविद्यालयीन जीवन में अनुशासन, नियमित अध्ययन, सहभागिता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ आशीष यादव द्वारा स्वामी विवेकानंद कैरियर प्रकोष्ठ एवं रोजगार से संबंधित जानकारी छात्र-छात्राओं को प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराने के साथ-साथ उनके उच्च शिक्षा के सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत प्रदान की।

महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।

रिपोर्टर : रमेश राजपूत

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.