मोहन बड़ोदिया पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, पूर्व में मुख्य आरोपी से बाइक बरामद
शाजापुर - मोहन बड़ोदिया थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा। मामले में पुलिस पूर्व में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर चुकी है। पुलिस के अनुसार,डंगीचा निवासी मोहनलाल पिता सिद्धनाथ 3 अगस्त को दोपहर करीब 2:50 बजे अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक MP-42-MP-7504 से खेत पर गया था। उसने मोटरसाइकिल खेत के बाहर रास्ते पर खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोटरसाइकिल चोरी किए जाने की रिपोर्ट पर मोहन बड़ोदिया थाने में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 303(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शाजापुर अजय कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीषा शर्मा एवं पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने मामले का खुलासा किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू पिता लखन कंजर (26), निवासी माधौपुर कंजर डेरा, थाना सुंदरसी को 8 अगस्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई करीब 40 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल बरामद की थी।
वहीं, वारदात में शामिल आरोपी लवकुश उर्फ संतोष सिसोदिया पिता नारायण (25), निवासी माधौपुर कंजर डेरा, थाना सुंदरसी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 12 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस द्वारा अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की गई। आरोपी को 13 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीषा शर्मा, उपनिरीक्षक अरविंद सिंह तोमर, सहायक उपनिरीक्षक विजय सिंह, प्रधान आरक्षक जगदीश दांगी, आरक्षक रामेश्वर दांगी, अनिल सेन, चालक आरक्षक विष्णु दांगी, सुरेश राठौर, अर्जुन सिंह बागड़ी, कपिल यादव एवं सैनिक अर्जुन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर - रमेश राजपूत
No Previous Comments found.